जम्मू/लेह। लद्दाख में कोरोना संक्रमण के सैंपल जांचने की प्रक्रिया में अब तेजी आएगी। जम्मू से चिकित्सा उपकरणाें की बड़ी खेप वायु सेना की मदद से लद्दाख भेजी गई। चिनूक और एएन-32 हेलिकॉप्टर से कुल 1700 किलो वजन की चिकित्सा उपकरण समेत आवश्यक सामग्री को लद्दाख रवाना किया गया। यह सामग्री इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटिव मेडिसिन जम्मू की ओर से उपलब्ध करवाए गए।
दोनों विमानों में 850-850 किलो वजन की खेप भेजी गई। इस सामग्री में चार बायो सेफ्टी कैबिनेट, दो सेंट्रीफ्यूग्स और लेह व कारगिल के लिए दो स्टैबिलाइजर शामिल हैं। जम्मू में रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि सामग्री का मूल्य एक करोड़ से ज्यादा है। सीएसआईआर-आईआईआईएम जम्मू के निदेशक डीएस रेड्डी ने सन फार्मा के तत्वावधान से लद्दाख के लिए चिकित्सा उपकरणों की सामग्री उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया था। कारपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत यह सामग्री लद्दाख को भेजी गई है।
---
लद्दाख में 152 नए मामले
जम्मू/लेह। लद्दाख में 152 और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कुल संक्रमिताें का आंकड़ा तेरह हजार को पार कर 13,089 पहुंच गया है। 159 संक्रमितों का स्वास्थ्य ठीक हो गया है। प्रदेश में अब तक 135 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।