राजोरी के निकटवर्ती क्षेत्रों के जंगल आग से जल रहे हैं। आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है लेकिन अबतक इस आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। बताया जा रहा है कि आग संदिग्ध परिस्थितियों में लग रही है जिससे जंगल धू-धू कर जल रहे हैं। जानकारी के अनुसार शहर के सिचंगस, चटयार, दलोगड़ा आदि क्षेत्रों के जंगलों मे पिछले दो दिनों से भीषण आग लगी हुई है।
संदिग्ध हालात में लगी आग में अब तक लाखों की वन संपदा जल कर राख हो चुकी है। आग लगे जंगलों के आस पास बसने वाले कुछ लोगों ने बताया कि जंगल में आग गलने से जहां एक तरफ पेड़-पौधे राख होते जा रहे हैं वहीं, दूसरी तरफ जंगलों में रहने वाले पशु व वन्य जीव जंतुओं की भी मौत हो रही है।
इससे लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जंगलों में लगी आग से क्षेत्रों में प्रदूषण फैलने के साथ-साथ गर्मी में भी बढ़ोतरी महसूस की जा रही है। वन विभाग वन्य जीव विभाग स्थानीय लोगों की मदद से भीषण आग पर काबू पाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक पूरी तरह से आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।
इसका सबसे बड़ा कारण दमकल वाहनों का जंगलों तक नहीं पहुंच पाना है। सड़क सुविधा के अभाव के चलते दमकल वाहन जंगलों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और इससे आग पर काबू पाना संभव नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में रेंज अधिकारी जंगबाज अहमद का कहना है कि आग पर काबू पाने के लिए विभाग और स्थानीय लोग संयुक्त रूप से प्रयास कर रहे हैं।
उम्मीद है कि बहुत जल्द आग पर काबू पा लिया जाएगा। आग लगने के कारणों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।