अधिकारियों के अनुसार, राजस्थान के श्रद्धालुओं को लेकर यह स्लीपर बस (आरजे27पीसी-9921) श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही थी। करोल के पास अचानक बस का एक टायर फट गया और देखते ही देखते गाड़ी में तेजी से आग भड़क उठी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, सीआरपीएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, सिविल क्विक रिस्पांस टीम और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत व बचाव कार्य शुरू किया और आग के पूरी बस को चपेट में लेने से पहले ही यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस हादसे में कोई श्रद्धालु घायल नहीं है।
एक दमकल कर्मी झुलसा
आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग के जवान एसजीसीटी मनहर लाल भट्ट झुलस गए। उन्हें जिला अस्पताल से जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। प्रशासन ने आग लगने की जांच शुरू कर दी है।
श्रद्धालुओं के पास सिर्फ उनके पहने हुए कपड़े ही बचे
आग से पूरी बस जल गई। यात्रियों का सामान और अन्य निजी वस्तुएं भी बस के साथ ही जल गईं। श्रद्धालुओं के पास सिर्फ उनके पहने हुए कपड़े ही बचे। रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की। प्रशासन ने श्रद्धालुओं के सामान के नुकसान को देखते हुए उनके ठहरने, भोजन व अन्य जरूरी मदद का इंतजाम किया। सभी यात्रियों को दूसरी बस से आगे की यात्रा के लिए जम्मू रवाना कर दिया गया। एलजी मनोज सिन्हा ने घटना की जानकारी ली और प्रभावितों को राहत देने के निर्देश दिए।