-हरि सिंह पार्क में जुटेंगे भाजपाई, महाराजा हरि सिंह प्रतिमा, तवी पुल पर जुटेगा महिला मोर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में वीरवार को विलय दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें राजनेताओं सहित अन्य लोग शामिल होंगे। वक्ता 1947 में जम्मू-कश्मीर के भारत के साथ पूर्ण विलय पर चर्चा करेंगे। वहीं, मैराथन में देशभक्ति का जज्बा दिखेगा। विलय दिवस पर ही ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह का बलिदान दिवस भी मनाया जाता है।
प्रदेश भाजपा वीरवार को हरि सिंह पार्क में विलय दिवस मनाएगी। सुबह 10.30 बजे प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना सहित अन्य नेता शामिल होंगे। महाराजा राष्ट्रवादी शासक थे। महाराजा को भारत के साथ विलय करना पड़ा था। जम्मू-कश्मीर रियासत को कबालियों से बचाने के लिए महाराजा हरि सिंह ने केंद्र सरकार से मदद मांगी थी। सरकार ने महाराजा पर विलय करने की शर्त रखी थी। 26 अक्तूबर 1947 को विलय होते ही भारतीय सेना ने घाटी के सीमांत क्षेत्रों में पहुंचकर बिगड़ी स्थिति पर काबू पा लिया था। तब से जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बना है। इसके अलावा शहर के अन्य स्थानों पर भी विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से विलय दिवस मनाया जा रहा है। इस दौरान कई जगहों पर तिरंगे लहराए जाएंगे। इंडिपेंडेंस एक्ट के तहत विलय दिवस पर हस्ताक्षर करना सिर्फ महाराजा का अधिकार था। इसके अलावा भाजपा की ओर से वीरवार सुबह 8 बजे मेजर सोमनाथ पार्क चौथा तवी पुल से महाराजा हरि सिंह पार्क तक विलय दौड़ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह भाजपा महिला मोर्चा महाराजा हरि सिंह प्रतिमा तवी पुल जम्मू पर शाम 5.30 बजे कार्यक्रम करवाएगी।