जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग स्थानों पर दो वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से दस लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा उधमपुर जिला के मजालता थाना क्षेत्र के चनेड़ गांव के पास शुक्रवार की देर रात करीब साढ़े बारह बजे हुआ। बताया जाता है कि जम्मू से सुरईंसर के रास्ते श्रीनगर की तरफ जा रही बस (जेके02बीआर-5503) जैसे ही चनेड़ इलाके में पहुंची तो चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना पर मजालता पुलिस की टीम पहुंची। मजालता, मानसर पीएसी से एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाने के साथ बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हालांकि पांच यात्रियों की मौत चुकी थी। एक यात्री ने जीएमसी ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में 30 यात्री गंभीर घायल हुए हैं, जो कश्मीर के रहने वाले हैं। सभी जीएमसी में उपचाराधीन हैं।
पुलिस के अनुसार जम्मू से राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते जाने की अनुमति न मिलने पर चालक ने बस को सुरईंसर के रास्ते श्रीनगर की तरफ ले जाने का प्रयास किया। चालक को बस को लेकर उधमपुर पहुंचना था और सुबह उधमपुर से कश्मीर की तरफ रवाना होना था, लेकिन उधमपुर पहुंचने से पहले ही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
उधर, किश्तवाड़ जिले में सुबह करीब पौनी दस बजे वैन (जेके02एके 2903) डेडपेठ से कुछन इलाके की ओर जाते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वैन के परखच्चे उड़े गए। इस दौरान चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं। मरने वालों में तीन लोग एक ही परिवार के बताए जाते हैं। हादसे का कारण मार्ग पर फिसलन बताया जाता है।