जम्मू कश्मीर में एक बड़ी घटना होने से बच गई। शुक्रवार तड़के सुबह दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के चवलगाम इलाके में एक बस पलट गई। इस दौरान आईटीबीपी के 4 जवान घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।
कुलगाम स्टेशन हाउस के अधिकारी ने बताया कि वाहन चवालगाम में सड़क पर फिसल गया, जिससे आईटीबीपी के 4 जवान घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
एसआरटीसी की बस पर हमला, बाल-बाल बचा चालक
शोपियां के तरकवंगम इलाके में एसआरटीसी की बस पर हमला किया गया। इसमें चालक बाल-बाल बच गया। चालक जम्मू जिले के आरएस पुरा का रहने वाला है। उसने बताया कि वह बालपोरा सीआरपीएफ कैंप से सीआरपीएफ कर्मियों को लेने जा रहा था। उसकी ड्यूटी चुनाव के लिए कर्मियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की है। वह रास्ते में था। जब तरकवंगम इलाके में पहुंचा तो बस पर फायरिंग कर दी गई। इससे बस सड़क पर पलट गई। वह किसी तरह से वहां से जान बचाकर भागा। उल्लेखनीय है कि वीरवार की रात आतंकियों ने बस पर हमला कर दिया था। उन्हें लगा कि इसमें सीआरपीएफ के जवान हैं।