जम्मू। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि नया जम्मू-कश्मीर में सुशासन की नींव रखी जा रही है। इसमें कई चुनौतियां हैं, लेकिन वह आम जनता को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि जवाबदेह और जनसमर्पित शासन व्यवस्था की पक्की बुनियादी रखी जाएगी। प्रदेश आने वाले समय में नई बुलंदियों को छूने में कामयाब होगा। एलजी जम्मू के एमए स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उपराज्यपाल ने कहा कि सुशासन के लिए जनता की भागीदारी जरूरी है। प्रदेश सरकार ने नए जम्मू-कश्मीर में ऐसी व्यवस्थाएं और महत्वपूर्ण सुधार लाने का प्रयास किया है, जिससे तरक्की की गाड़ी को रफ्तार मिलेगी। उपराज्यपाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ परेड की सलामी ली। युवा कलाकारों ने सांस्कृतिक और रंगारंग प्रस्तुतियों से मन मोह लिया। मार्च पास्ट में सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी, जेकेएपी, आईआरपी, आपदा प्रबंधन बल, जेएंडके अग्निशमन, जेएंडके वन सुरक्षा बल, आबकारी विभाग, पूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट, भारत स्काउट एंड गाइड्स (पुरुष व महिला), सेना के विभिन्न स्कूल और बैंड समूह शामिल हुए। कदम से कदम मिलाए जा.. आदि धुनों पर विद्यार्थियों और सुरक्षाबलों का देश के प्रति जोश देखते ही बन रहा था।
इससे पूर्व उपराज्यपाल ने पुलिस शहीद स्मारक और बलिदान स्तंभ पर पहुंचकर शहीद जवानों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान दने वाले जवानों की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा। भारत की अखंडता और संप्रभुता के लिए जवानों के ऋणी हैं। परेड सहित अन्य कार्यक्रमों में प्रदेश की प्रथम महिला के अलावा प्रशासनिक, न्यायिक आदि विभागों से अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, शाम को राजभवन के परिसर में उपराज्यपाल की मौजूदगी में एट होम का आयोजन किया गया। इसमें उपराज्यपाल के सलाहकार, जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, मेयर, संसद सदस्य, प्रमुख शासन सचिव आदि प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।