अखनूर। कस्बे के हरि मंदिर घाट के मैदान पर वीरवार को दंगल कमेटी की ओर से वार्षिक दंगल का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब एक सौ कुश्तियां हुईं। इस दौरान 1 लाख 25 हजार रुपये की पहली माली दिल्ली का पहलवान मन्नू जीत ले गया।
पहली माली के लिए जम्मू के बीनिया पहलवान का मुकाबला दिल्ली के पहलवान मन्नू से करवाया गया। दोनों पहलवानों के बीच हुआ यह मुकाबला काफी रोमांचक और कड़ा रहा। दोनों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आखिर मन्नू का दाव बीनिया पर भारी पड़ा और बीनिया चित हो गया। मन्नू ने उसे संभलने का मौका नहीं दिया। दोनों के बीच करीब एक घंटा तक संघर्ष चलता रहा।
उसके बाद दूसरी माली का मुकाबला हुआ। यह माली 80 हजार रुपये के लिए थी। इसमें ईरान के पहलवान आरबी का मुकाबला पंजाब के कीतो के साथ हुआ। इसमें आरबी ने कीतो को आसानी से पटकनी दे मारी और माली पर कब्जा जमा लिया। अंत में 71 हजार रुपये की तीसरी माली के लिए मुकाबला हिमाचल के सोनू पहलवान का भिड़ंत पंजाब के मुन्ना से हुआ। इसमें सोनू ने मुन्नी को परास्त कर दिया।
दंगल कमेटी के प्रधान मदनलाल गुप्ता को अगुवाई में आयोजित दंगल में ज्यादातर मुकाबले रोमांचक रहे। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजीव शर्मा और म्यूनिसिपल कमेटी के प्रधान दीपेश सिंह पवार विशेष रूप से मौजूद थे। प्रधान ने बताया कि ऐतिहासिक दंगल में क्षेत्र के लोगों का पूरा सहयोग रहता है। इस अवसर पर विपन गुप्ता, करण सिंह, काका, शिवा, शोशहा आदि मौजूद थे।