रियासी। जिले के टांडा क्षेत्र में सोमवार की दोपहर 71 वर्षीय बुजुर्ग घर के बाहर संदिग्ध हाल में मृत पाया गया। मृतक को गोली लगी हुई थी और घटनास्थल पर .12 बोर की बंदूक भी पड़ी थी। मृतक की पहचान अब्दुल करीम निवासी टांडा के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने जब गोली चलने की आवाज सुनी तो वे मौके पर पहुंचे और अब्दुल करीम को घर के बाहर मृत पाया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। रियासी से एसएचओ रंजीत सिंह राव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा दिया है। पुलिस ने 193 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद