रियासी। क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को हुए दो मुकाबलों में दिल्ली से आए खिलाड़ियों से सजी मलिक क्लब और त्रिदेव क्लब ने आसानी से जीत दर्ज की।
पहला मुकाबला मलिक क्लब और इंप्लाइज क्लब के बीच हुआ। इंप्लाइज क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 82 रन बनाए। बल्लेबाज अमित ने सर्वाधिक 20, सुकेश ने 12 और सूर्या ने 10 रन का योगदान दिया। मलिक क्लब के गेंदबाज निखिन ने सर्वाधिक तीन, सुक्खी ने दो, हिमांशू, अंकुश और दिपिन ने एक-एक विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मलिक क्लब ने मैच को छठे ओवर में 10 विकेट से जीत लिया। बल्लेबाज निखिल ने पांच चौके व चार छक्कों की मदद से 17 गेंद में नाबाद 48 रन बनाए। वहीं, सन्नी ने चार चौकों की मदद से नाबाद 29 रन बनाए। निखिल को मैन आफ द मैच दिया गया।
दूसरा मुकाबला ज्योतिपुरम और त्रिदेव क्लब के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए ज्योतिपुरम की पूरी टीम 12 ओवर में 61 रन पर ढेर हो गई। टीम के लिए सब से ज्यादा बीस रन अतिरिक्त के रूप में मिले। इसके अतिरिक्त बल्लेबाज सन्नी ने 10 व अजीत ने 15 रन बनाए। त्रिदेव क्लब के गेंदबाज अभिजीत और मनि ने तीन-तीन और विपुल ने दो व इशान ने एक विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए त्रिदेव कल्ब के दो विकेट जल्दी गिर गए, लेकिन बल्लेबाज शिवम ने 11 गेंद में चार छक्कों व दो चौकों की मदद से सर्वाधिक 33 रन बना कर टीम को छठे ओवर में ही जीत दिला दी। इसके अलावा बल्लेबाज कृष ने 15 रन का योगदान दिया। शिवम व मनि को बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मैन आफ द मैच दिया गया। एसएचओ सुमित शर्मा व स्पोर्ट्स क्लब के सदस्य मौजूद रहे।