श्रीनगर। शिक्षा, सामाजिक कल्याण, स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इत्तू ने वीरवार को सिविल सचिवालय में जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (जेकेबीओएसई) के कामकाज और प्रदर्शन की समीक्षा की।
समय पर परीक्षा आयोजित करने और छात्रों की सुविधा के लिए शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम से संबंधित कोई भी अपडेट समय पर और नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले किया जाना चाहिए।
मंत्री ने दो टूक कहा कि नवंबर 2025 के अंत तक पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करा दी जाएं ताकि नए सत्र की शुरुआत से पहले आपूर्ति में कोई बाधा न हो। स्कूलों पर समय से पाठ्य पुस्तकें को भेजने के लिए एक बेहतर रणनीति बनाई जाए। मूल्यांकन के लिए भी एक उचित तंत्र स्थापित करने को कहा ताकि परिणाम समय पर घोषित किए जा सके। कहा कि
शिक्षा हमारे भविष्य की नींव है। हमारी प्राथमिकता संस्थानों को मजबूत करना है ताकि जम्मू-कश्मीर का हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ उठा सके।
शिक्षा मंत्री ने जेकेबीओएसई अधिकारियों से 10वीं और 12वीं कक्षा की डेटशीट समय पर जारी करने को कहा। ताकि छात्र अपनी संबंधित परीक्षाओं के लिए तैयारी कर सकें। बैठक के दौरान जेकेबीओएसई के सचिव ने आगामी परीक्षाओं के लिए कार्य योजना और बोर्ड के अन्य पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इस दौरान जेकेबीओएसई के अध्यक्ष और उच्च शिक्षा के अतिरिक्त मुख्य सचिव शांतमनु, स्कूल शिक्षा सचिव राम निवास शर्मा, कश्मीर के स्कूल शिक्षा निदेशक, डॉ. जीएन इत्तू, जम्मू के स्कूल शिक्षा निदेशक नसीम जावेद चौधरी आदि लोग मौजूद रहे।