सुरक्षाबलों ने छात्रू के कई इलाके खंगाले
सुरक्षाबलों ने शुक्रवार तड़के किश्तवाड़ के उपमंडल छात्रू के कई इलाके खंगाले। यह तलाशी अभियान बड़े पैमाने पर चलाया गया। सेना को आतंकवादियों की ओर से किसी बड़े हमले या साजिश को अंजाम देने का इनपुट मिला था। इसके आधार पर संभावित साजिश को नाकाम करने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
सूत्रों के अनुसार सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से उपमंडल छात्रू के नाईदगाम, सिंहपोरा, गोरिनाल और पासरकूट सहित आसपास के कई इलाकों में तलाशी अभियान चला रही हैं। यह क्षेत्र घने जंगलों वाला होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। सुरक्षा कारणों के चलते वीरवार रात को कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। सुरक्षाबलों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।
ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से खंगाले जंगल
राजोरी जिले के थन्नामंडी और मंजाकोट के जंगल में संदिग्ध गतिविधि देखे जाने के बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। जानकारी के अनुसार वीरवार मध्यरात्रि सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि दोनों क्षेत्रोें के बीच के जंगल में संदिग्ध गतिविधि देखी गई है। शुक्रवार सुबह ऑपरेशन में ड्रोन और खोजी कुत्तों से सुरक्षाबलों ने चप्पे-चप्पे को खंगाला। मामले को गंभीरता से लेते हुए सेना, पुलिस और सीएआरपीएफ ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। शुक्रवार को दोनों क्षेत्रों को खंगाला गया।