मेल के कार्यक्रम के दौरान भजन गाती कलाकार वर्षा जम्वाल।
ज्यौड़ियां। गांव खोआडा-कलीठ में स्थित बाबा अच्चो देव स्थान पर ऑल इंडिया राजपूत भाऊ बिरादरी की ओर से मेल का आयोजन किया गया। इसमें बिरादरी के करीब 70 हजार लोगों ने बाबा अच्चो देव स्थान पर माथा टेक आशीर्वाद लिया।
मेल का आयोजन ऑल इंडिया राजपूत भाऊ सभा के प्रधान नरेंद्र सिंह भाऊ की देखरेख में किया गया। मेल को सफल बनाने के लिए बिरादरी की युवा कमेटी का अधिक योगदान रहा। सुबह पांच बजे से ही बाबा अच्चो देवस्थान पर बाबा के दर्शन करने के लिए भाऊ बिरादरी के लोगों के साथ-साथ अन्य बिरादरियों के लोग उमड़ने लगे। सुबह साढ़े पांच बजे से मेल का कार्यक्रम शुरू किया गया, जिसमें पंडितों की तरफ से हवन करवाया गया। दोपहर 12 बजे सम्मानित समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बिरादरी के 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में 85 फीसदी से अधिक अंक लेने वाले 60 बच्चों को समानित किया गया। इसके साथ-साथ बिरादरी के 70 उन लोगों को भी सम्मानित किया गया। बिरादरी के जो लोग भारत सरकार में अच्छे पदों पर तैनात हैं। वहीं वर्षा जम्वाल ने डोगरी में भजन गाकर मेल की रौनक बढ़ाई। उनके साथ कलाकार सलाथिया ब्रदर्स भी शामिल रहे। उन्होंने भी डोगरी भजन गाकर समा बांधा। इस मौके पर नरेंद्र सिंह भाऊ ने बताया कि इस बार की मेल में भंडारे का आयोजन बिरादरी के चक्क मलाल व आसपास के गांवों के बिरादरी के लोगों की तरफ से किया गया था। मेल में बच्चों के मनोरंजन के भी पूरे इंतजाम किए गए थे। मेल के दौरान बिरादरी के लगभग 20 लोगों ने अपने छोटे बच्चों के मुंडन करवाए।