श्रीनगर। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। उन्होंने राज्य में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उपराज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर राज्य में संस्कृत अकादमी की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा।
महंत रोहित शास्त्री ने उपराज्यपाल से कहा कि वर्तमान में राज्य में कई संस्कृत विद्वान, छात्र और संस्थाएं कार्यरत हैं, जिन्हें प्रोत्साहन और संसाधनों की आवश्यकता है। प्रस्तावित संस्कृत अकादमी न केवल शिक्षा और शोध को बढ़ावा देगी, बल्कि आयुर्वेद, योग, ज्योतिष और पांडुलिपि संरक्षण जैसे क्षेत्रों में भी नई ऊर्जा का संचार करेगी। यह अकादमी जम्मू-कश्मीर की वैदिक परंपरा को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उपराज्यपाल ने इस प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया।