जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सोमवार को अयोध्या नगरी पहुंचे। गोंडा में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उपराज्यपाल ने रामलला और हनुमंतलला के दरबार में हाजिरी लगाई और माथा टेका। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि महाकुंभ का आमंत्रण मिला है। यह आस्था का महाकुंभ है।
उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार मिलकर आयोजन को भव्यता-दिव्यता की तरफ ले जा रहे हैं। ऐसा लगता है कि देश ही नहीं दुनिया के लोग इस बार महाकुंभ में आएंगे और अलौकिक क्षण का दर्शन करेंगे। भारतीयता व आत्मीयता के लिए कुंभ मेले जैसे आयोजन जरूरी हैं। विशेष रूप से प्रयागराज और आसपास के लोगों को मजबूती मिलेगी। इससे पहले राम मंदिर पहुंचने पर ट्रस्टी डॉ़ अनिल मिश्र ने उनका अभिनंदन किया। वहीं हनुमानगढ़ी में संकट मोचन सेना के अध्यक्ष महंत संजय दास व पुजारी हेमंत दास ने उपराज्यपाल का स्वागत-सम्मान किया।