भारत-पाक सीमा सुरक्षा बल की पोस्ट आक्ट्राय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
आरएस पुरा। मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को प्रशासन की ओर से जम्मू कश्मीर पर्यटक विभाग के सहयोग से भारत-पाक सीमा सुरक्षा बल की पोस्ट आक्ट्राय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम से मतदाताओं को लोकसभा चुनाव में मतदान करने का संदेश दिया गया। मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता स्वीप के तहत आयोजित किया गया।
साथ ही लोगों को 26 अप्रैल को जम्मू-रियासी लोकसभा सीट के चुनाव में भारी संख्या में मतदान करने का संदेश दिया। इस मौके पर जम्मू कश्मीर मुख्य चुनाव अधिकारी पंडुरंग पोले मुख्यातिथि रहे, जबकि जरनल ऑब्जर्वर राहुल रंजन, डीसी जम्मू सचिन वैश्य, एसएसपी जम्मू विनोद कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान पंजाब से आए गायक संग्राम हंजारा ने समां बांधा। जम्मू-कश्मीर मुख्य चुनाव अधिकारी पंडुरंग पोले ने कहा कि हमारा प्रयास है कि लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करने के लिए घरों से निकले। हर व्यक्ति मतदान करे। संवाद
ग्रामीणों ने उठाया मतदान केंद्र शिफ्ट करने का मुद्दा
गांव गाजिया के ग्रामीणों का मतदान केंद्र दूसरे गांव कोटली मिया फत्ता में दो किलाेमीटर दूरी पर स्थापित करने पर मुख्य चुनाव अधिकारी पंडुरंग पोले ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि गांव गाजिया के ग्रामीण गांव में मतदान करें। इसके लिए शीघ्र प्रवाधान किए जाने के लिए कहा। गौरतलब है कि गांव गाजिया के ग्रामीण दूसरे गांव के मतदान केंद्र में मतदान करेंगे, जबकि दो गांव तूती व लावल चक के मतदाता गांव गाजिया के गांव के मतदान केंद्र पर वोट देंगे। इसको लेकर गत दिनों विरोध-प्रदर्शन कर गांव में ही मतदान करवाए जाने की प्रशासन से मांग की थी।