सियासी पार्टियों के नेताओं ने सियासत से ऊपर उठकर एक-साथ आने का किया आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। राजोरी-पुंछ में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी खोलने की मांग तेज होने लगी है। विभिन्न सियासी पार्टियों के नेताओं ने सियासत से ऊपर उठकर पीर पंजाल में यूनिवर्सिटी खोलने की मांग की है। नेकां के नेता व डीडीसी अध्यक्ष राजोरी नसीम लियाकत ने कहा कि आइए... हम सब मिलकर पार्टी की पहचान और पदों से ऊपर उठकर पीर पंजाल में कहीं भी नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए एक साथ मिलकर आवाज उठाएं। इस बारे में चर्चा शुरू हो चुकी है और दोनों सीमावर्ती जिलों के लोगों को इस मुद्दे पर बात करते सुना है। भाजपा के पूर्व एमएलसी विबोध गुप्ता ने कहा कि राजोेरी-पुंछ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे प्रमुख संस्थान की स्थापना के लिए आदर्श जगह है। यहां का मौसम अच्छा है और कनेक्टिविटी भी बेहतर हो रही है। अगर यूटी में भाजपा सत्ता में होती तो पार्टी के मूल सिद्धांत सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के तहत यूनिवर्सिटी राजोेरी-पुंछ में स्थापित की जाती। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि पिछले कई दशकों से आतंकवाद और क्रॉस बॉर्डर फायरिंग की मार झेल रहे राजोरी-पुंछ के लोगों को अब यूनिवर्सिटी हर हाल में मिलनी चाहिए। राजोरी से कांग्रेस के विधायक इफ्तकार अहमद ने केंद्र सरकार, शिक्षा मंत्रालय और अन्य संबंधित अधिकारियों से पीर पंजाल क्षेत्र में यूनिवर्सिटी स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पूरे जम्मू-कश्मीर के लिए एक संतुलित, किफायती और समावेशी समाधान होगा और पहाड़ी समुदाय द्वारा सामना की जा रही लंबे समय से चली आ रही शैक्षिक उपेक्षा को दूर करने में भी मदद करेगा। पीडीपी के जिला अध्यक्ष तजीम डार ने कहा कि अपने ऐतिहासिक और रणनीतिक महत्व के बावजूद पीर पंजाल क्षेत्र कई सालों से सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है। खासकर पहाड़ी समुदाय जो राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संस्थानों तक सीमित पहुंच रखता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में एनएलयू स्थापित करना समान शिक्षा के अवसरों, सामाजिक न्याय और संतुलित क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।