- पूरे शहर में बिजली आपूर्ति ठप रही गांधी नगर में खंभा, त्रिकुटा नगर, नरवाल, मीरां साहिब, सतवारी सहित कई इलाकों में टहनियां गिरीं
- कई जगहों पर तार टूटे, तूफान थमने के बाद बिजली कर्मियों ने संभाला मोर्चा, आपूर्ति बहाली पर चलता रहा काम
- दिन में बिजली कटों से परेशान रहे शहरवासी, पेयजल किल्लत गहराई
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सोमवार शाम को आए तूफान ने जिले का पूरा बिजली ढांचा हिला दिया। बिजली कारपोरेशन को लाखों का नुकसान हुआ है। कुल 15 से ज्यादा खंभे गिरे हैं। खंभे गांधी नगर, शास्त्री नगर, त्रिकुटा नगर, नरवाल, मीरां साहिब, बोहड़ी, सिद्दड़ा सहित कई इलाकों में गिरे। इससे पूरे शहर में बिजली घंटों गुल रही। इसके अलावा पुराना शहर, नगरोटा, बजालता, अखनूर रोड में पेड़ों की टहनियां तारों पर गिरीं। इस कारण तार टूट गए। कई जगहों पर तार शार्ट-सर्किट होने के कारण ट्रांसफार्मरों को भी नुकसान पहुंचा है।
इससे पहले रविवार रात से शहर के लोग बिजली की आंखमिचौली से परेशान रहे। सोमवार दोपहर बाद लंबा कट लगा। ट्रांसफार्मर गर्म होते रहे और बिजली बीच-बीच में बंद होती रही। बिजली की आंखमिचौली के कारण शहर में पेयजल संकट गहरा गया। सोमवार देर शाम को आसमान में बादल छाए और तूफान शुरू हो गया। इससे बिजली ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। तूफान करीब साढ़े पांच बजे शुरू हुआ और शाम करीब सात बजे तक जारी रहा। हालात यह रहे कि पेड़ों की टहनियां टूटती रहीं। सात बजे के बाद तूफान थमा तो बिजली कर्मचारियों ने बिजली की मरम्मत कार्य शुरू किया जो देर रात तक जारी रहा। जहां पर खंभे गिरे, वहां पर अस्थायी तौर पर तारों को जोड़ कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया। शहर के अधिकांश इलाकों में बिजली गुल रही। बिजली कारपोरेशन के अनुसार तूफान के कारण ढांचे को नुकसान हुआ है। तारों पर गिरी टहनियों को हटाया जा रहा है। बिजली की सप्लाई बंद रखी गई है।
रविवार देर रात लगा लंबा कट, सुबह नहीं हुई पानी की आपूर्ति
उधर, रविवार रात को तालाब तिल्लो, रिहाड़ी, राजपुरा चुंगी, बख्शी नगर में देर रात तक कट लगने का क्रम जारी रहा जिससे लोगों के खूब पसीने छूटे। इस कारण सुबह जल की आपूर्ति अधिकांश इलाकों में बंद रही। दिन में हालात यह रहे कि वोल्टेज कम और बढ़ने के कारण लोगों को बिजली उपकरण बंद करने पड़े। इस दौरान न तो पंखे चले और न ही एसी। इसके अलावा नरवाल, बठिंडी, सुजवां, ग्रेटर कैलाश इलाकों में बिजली की समस्या के कारण पानी की आपूर्ति बाधित रही। कुल 20 मिनट के लिए पानी आया। इसी तरह बख्शी नगर, तालाब तिल्लो, राजपुरा चुंगी सहित कई इलाकों में सुबह पानी की आपूर्ति नहीं हुई। दोपहर में बिजली वोल्टेज की समस्या से मोटरें नहीं चलीं। इस कारण लोगों को निजी टैंकर मंगवाने पड़े।
कोट
तूफान के कारण काफी नुकसान हुआ है। तारों को जोड़ा जा रहा है। कई जगहों पर खंभे भी गिर गए हैं। मरम्मत का काम जारी है।
- अवनीत गुप्ता, एक्सईएन, बिजली कारपोरेशन