कश्मीरी पंडित उधमपुर में विशेष मतदान केंद्र पर डाल रहे वोट
कश्मीरी पंडितों ने उधमपुर स्थित विशेष मतदान केंद्र पर अनंतनाग सीट के लिए वोट डाला। सुरक्षा कारणों के मद्देनजर अनंतनाग सीट के लिए कश्मीरी पंडितो को विशेष मतदान केंद्र की सुविधा दी गई है ।
ये हैं मैदान में
अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र में कुल 18 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें पीडीपी से महबूबा मुफ्ती, कांग्रेस से गुलाम अहमद मीर, नेशनल कांफ्रेंस से हसनैन मसूदी, भाजपा से सोफी यूसुफ प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं। इनके अलावा पैंथर्स पार्टी के निसार अहमद वानी, पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के जफर अली, मानव रचना पार्टी के संजय कुमार धर, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के सुरिंदर सिंह और निर्दलीय इम्तियाज अहमद राथर, रिडवाना अहमद, रियाज अहमद भट, जुबैर मसूद, शम्स ख्वाजा, अली मोहम्मद वानी, मोहम्मद वानी, मो. कासिर अहमद शेख, मंजूर अहमद खान और मिर्जा सज्जाद हुसैन बेग भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
बूथों पर पथराव, ग्रेनेड फेंके गए
अनंतनाग लोकसभा सीट पर पहले चरण की वोटिंग से पहले सोमवार की रात कई बूथों पर पथराव की सूचना है। साथ ही ग्रेनेड फेंके जाने की भी खबर है। सूत्रों के अनुसार, अनंतनाग जिले के अच्छाबल इलाके के त्राहपु, मागरेपोरा में बूथों पर पथराव किया गया। इस दौरान पथराव कर लगे लोगों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। इससे काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। आतंकियों ने लाजबल में पोलिंग बूथ को निशाना बनाकर ग्रेनेड फेंका। हालांकि, ग्रेनेड बाहर ही फट गया, जिससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई भी आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।