आतंकवाद प्रभावित दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के खन्नाबल में बुधवार को भारत माता की जय के नारे गूंज उठे। भाजपा ने लोकसभा चुनाव को लेकर यहां अपना प्रचार शुरू किया। प्रचार अभियान शुरू करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने कहा कि जमात-ए-इस्लामी पर प्रतिबंध तब तक नहीं हट सकता, जब तक वह आतंकवाद का समर्थन बंद नहीं करती है।
केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पूरे देश के लोगों को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो वादे देश के लोगों से किए उसे पूरा किया। कांग्रेस ने हमेशा देश को लूटा है।
दावा किया कि इस बार के चुनाव में पार्टी को 400 सीट पर सफलता मिलेगी। देश की जनता जान चुकी है कि कहने और करने में कितना अंतर है। पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी पर बात करते हुई अविनाश राय ने कहा कि वे पार्टी के मार्कदर्शक हैं। उन्होंने संगठन के लिए काम किया है।
इस अवसर पर पूर्व उप मुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता ने कहा कि राज्य को अब्दुल्ला और मुफ्ती परिवार ने लूट लिया है। कांग्रेस ने परिवारवाद से देश के लोगों के साथ लूट खसोट की है। पहले इंदिरा गांधी, फिर राजीव गांधी, सोनिया गांधी, फिर राहुल गांधी ने। शुक्र है कि राहुल ने शादी नहीं की वरना उसकी पत्नी का भी नाम आता। कांग्रेस के दौर में जमकर घोटाले हुए।
दक्षिण कश्मीर से पार्टी के प्रत्याशी सोफी मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि अब की घाटी में भी भाजपा नैया पार करके रहेगी। पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पर आरोप लगाया कि यह वही महबूबा मुफ्ती हैं जिन्होंने सत्ता में रहकर यहां के युवाओं को कहा कि आप कैंप्स में टॉफी लेने जाते हैं। आज फिर महबूबा अपने लिए वोट मांग रही हैं, लेकिन यहां की जनता पर हमें भरोसा है कि वह पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस को वोट नहीं देगी।