चुनाव कराने के बाद लौटती पोलिंग पार्टी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तरी कश्मीर की बारामुला लोकसभा सीट पर गुरुवार को चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद कुछ इलाकों में हिंसा भड़क गई। सीमावर्ती जिला कुपवाड़ा के लंगेट के मंडिगाम गांव में युवा सड़कों पर उतर आए और सुरक्षा बलों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे और पैलेट का इस्तेमाल किया। हिंसक प्रदर्शनों में एक युवक की मौत हो गई जबकि कई घायल हो गए। हिंसक झड़पों में 10 पुलिस कर्मियों के घायल होने की भी खबर है।
मतदान प्रक्रिया खत्म होने के बाद लंगेट से लौट रही पोलिंग पार्टी और सुरक्षा बलों पर पत्थरबाजों ने पथराव शुरू कर दिया। हिंसा में घायल ओवैस मीर नामक युवक को इलाज के लिए लाया गया जिसे मल्टीपल इंज्यूरी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, पट्टन के पलहालन इलाके में इलेक्शन ड्यूटी से लौट रहे सुरक्षा कर्मियों पर शरारती तत्वों ने पथराव किया। इस दौरान अपने बचाव में सुरक्षा कर्मियों ने हवाई फायरिंग की गई जिसमें मोहम्मद यासीन भट नामक युवक के बाजू में गोली लगी। दोनों घटनाओं से इलाके में तनाव और बढ़ गया।