जम्मू संसदीय सीट पर नामांकन वापसी के अंतिम दिन गुरुवार को डोगरा स्वाभिमान संगठन की कवरिंग उम्मीदवार कांता अंदोत्रा ने नाम वापस ले लिया। इस सीट पर संगठन की ओर से चौधरी लाल सिंह मैदान में हैं। अब इस सीट पर 24 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। 11 अप्रैल को मतदान होने के वाली इस लोकसभा सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया के संपन्न होने के साथ चुनाव प्रचार में तेजी आ गई है।
जम्मू से यह प्रत्याशी मैदान में
रिटर्निंग अधिकारी ने राष्ट्रीय राजनीतिक दलों में भाजपा, कांग्रेस, बसपा, शिव सेना समेत आठ पंजीकृत दलों को उनके चुनाव चिन्ह जारी किए। अन्य 16 निर्दलीयों को को अलग से चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। जम्मू संसदीय सीट पर अब मैदान में भाजपा के जुगल किशोर, कांग्रेस के रमन भल्ला, बसपा के बद्रीनाथ, इंडीपेंडेंट पीपुल्स पार्टी के सैयद अकीब हुसैन, जेके पीर पंजाल अवामी पार्टी के मोहम्मद यूनिस, हिंदुस्तान निर्माण दल के सुशील कुमार, ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक के जावेद अहमद, नवरंग कांग्रेस पार्टी के गुरसागर सिंह, जेके नेशनल पैंथर्स पार्टी के प्रो भीम सिंह, डोगरा स्वाभिमान संगठन के लाल सिंह हैं। इसके अलावा निर्दलीय राजीव चुन्नी, सुभाष चंदर, शजबद शबनम, परसेन सिंह, गुलाम मुस्तफा चौधरी, सतीश पुंछी, बहादुर, मनीष साहनी, सकंदर अहमद नूरानी, तरसेम लाल खुल्लर, बलवान सिंह, सैयद जीशान हैदर, अनिल सिंह, अजय कुमार चुनावी अखाड़े में ताल ठोक रहे हैं।
बारामूला से 9 उम्मीदवार मैदान में
बारामूला संसदीय क्षेत्र से 9 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव अधिकारी डॉ. जीएन इटू ने बताया कि कांग्रेस के हाजी फारूक अहमद मीर, भाजपा के मोहम्मद मकबूल वार, जेकेएनपीपी के जहांगीर खान, जेकेपीडीपी के अब्दुल कयूम वानी, जम्मू-कश्मीर नेशनल कान्फ्रेंस के मोहम्मद अकबर लोन, जेकेपीस के मोहम्मद अकबर अली और निर्दलीय जावेद अहमद कुरैशी, सैयद नवाज इंजीनियर रशीद है। इस सीट पर 14 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे थे। जिसमें से चार के नामांकन खारिज किए गए। निर्दलीय उम्मीदवार अब्दुल रशीद शाहीन ने नाम वापसी के अंतिम दिन अपना नामांकन वापस लिया।
डोडा- उधमपुर: कवरिंग प्रत्याशियों ने वापस लिया नामांकन
डोडा-उधमपुर लोकसभा सीट पर अपनी दावेदारी जताने वाले 14 प्रत्याशियों में से दो ने नामांकन वापस ले लिए हैं। प्रेम नाथ डोगरा और मार्तंड सिंह ने वीरवार को नामांकन वापस ले लिए हैं। प्रेमनाथ डोगरा भाजपा प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह और मार्तंड सिंह कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के कवरिंग प्रत्याशी थे। दोनों के नामांकन वापस लेने के साथ ही अब चुनाव मैदान में 12 प्रत्याशी दावेदारी जताते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन है। दोपहर तीन बजे के बाद लोकसभा चुनाव में दावेदारों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।