जम्मू। लॉकडाउन का असर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है। लॉकडाउन के चलते सभी लाइब्रेरी बंद हैं, जहां ज्यादातर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले जाते थे।
बैंकिंग की तैयारी कर रहे गौरव वर्मा का कहना है कि हमारी ज्वाइंट फैमिली है और लॉकडाउन के चलते हर कोई घर पर ही है। ऐसे में ध्यान से पढ़ाई नहीं हो पा रही। पहले पढ़ाई करने के लिए पास की लाइब्रेरी में चले जाते थे। 5-6 घंटे पढ़ाई करते थे। लेकिन अब पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
कॉमर्स कालेज की वंशिका राजपूत ने कहा कि लॉकडाउन करने का प्रधानमंत्री मोदी का बिल्कुल सही फैसला है। इससे सबको थोड़ी परेशानी सहनी पड़ रही है। विद्यार्थी भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह इस समय सीए की तैयारी कर रही हैं। कालेज के बाद वह लाइब्रेरी में जाकर पढ़ाई करती थीं, लेकिन अब 2जी के जरिये घर से पढ़ाई करना बेहद मुश्किल हो गया है। लाइब्रेरी ज्वाइन करने का एकमात्र मकसद यही था कि घर पर वाईफाई की सुविधा उपलब्ध नहीं थी और 2जी पर पढ़ाई हो नहीं सकती थी। घर पर थोड़ी बहुत पढ़ाई हो पा रही है।
2जी नेटवर्क पर तो ऑनलाइन क्लास भी नहीं देख सकते
पिछले दो साल से प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग ले रही पल्लवी शर्मा ने कहा कि पहले इंस्टीट्यूट में जाकर पढ़ाई करके परीक्षा की तैयारी हो जाती थी, लेकिन अब तो 2जी पर ऐसी स्थिति है कि कोई वीडियो भी नहीं खुलती है। कोचिंग इंस्टीट्यूट वाले अगर ग्रुप में कोई लिंक भी भेजते हैं, तो उसे खोलकर डाउनलोड करने में 2 से 3 घंटे का समय लगता है। कई बार तो उसके बाद भी वो डाउनलोड नहीं होता। ऐसे में कोई भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी बेहद ही मुश्किल हो गया है।
घर में नहीं मिल पाता पढ़ाई का माहौल
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे ज्यादातर विद्यार्थियों का कहना है कि लॉकडाउन के चलते पूरा परिवार घर पर है। ऐसे में शांत माहौल का मिलना मुश्किल है। ज्यादा दिक्कत संयुक्त परिवार में रहने वाले को हो रही है। लाइब्रेरी में शांत और पढ़ाई करने के अनुकूल माहौल होता था। वाईफाई की सुविधा भी उपलब्ध होती थी।