जम्मू। लॉकडाउन और रेडजोन की पाबंदियों के बीच शहर में अलग ही नजारा है। शहर की कई व्यस्त सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन रही है। लोगों की आवाजाही भी बढ़ी है। कई जगह पर सामाजिक दूरी का पालन भी नहीं दिख रहा। कोरोना संकट के बीच यह हालात महामारी को बढ़ाने का काम कर सकते हैं।
शहर की कई सड़कों पर शुक्रवार को जाम देखने को मिला। शहर के बाहरी क्षेत्र कुंजवानी में वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। पिछले कुछ दिनों से सड़कों पर वाहनों की आवाजाही में अचानक बढ़ोतरी हुई है। गर्मी के बीच सुरक्षाकर्मियों को भी इस आवाजाही पर नियंत्रण पाने में मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। शहर के बीच कई जगहों पर तारबंदी और नाके लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद लोगों की आवाजाही बढ़ी है। पुराने शहर के सब्जी मंडी क्षेत्र के बाहर बड़ी संख्या में वाहनों के लगने से जाम की स्थिति बन रही है। मंडी के भीतर एक तरफ से लोगों को भेजा जा रहा है, जबकि दूसरी तरफ से बाहर आने दिया जा रहा है। लेकिन एंट्री प्वाइंट के बाहर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े हो रहे हैं, इसमें चार पहिया वाहन भी शामिल हैं। इसी तरह महेशपुरा चौक, बिक्रम चौक, ज्यूल, तालाब तिल्लो, जानीपुर, गांधीनगर, शास्त्रीनगर में वाहनों की आवाजाही बढ़ी है। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी हैं, जो गैर जरूरी कार्यों के लिए सड़कों पर घूम रहे हैं। कंटेनमेंट जोन में वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से बंद रखा गया है। पुराने शहर के अधिकतर हिस्सों में लोगों के साथ वाहनों की आवाजाही बढ़ी है। पक्का डंगा बाजार में स्टेशनरी की दुकानें खुलने से व्यस्तता बढ़ी है। हालांकि दोपहर दो बजे प्रतिष्ठान बंद होने के बाद इस आवाजाही में कमी आ जाती है।