जम्मू। लाकडाउन के चलते मंगलवार को भी पुराने शहर और आसपास में जरूरी वस्तुओं को छोड़कर सभी प्रतिष्ठान बंद रहे। इस दौरान किराना, फल, सब्जी की दुकानों पर लोगों की भीड़ पहुंची। कोरोना वायरस को लेकर भविष्य की चिंता को ध्यान में रखते हुए लोग आवश्यक वस्तुओं का स्टाक करने में जुटे हुए हैं। इस बीच शहर की सब्जी मंडी में भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस और दूसरे सुरक्षाबलों को तैनात किया गया। दोपहर दो बजे प्रतिष्ठानों को बंद करवा दिया गया था।
सब्जी मंडी में मोती बाजार की तरफ से एंट्री प्वाइंट पर कई पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। इस प्वाइंट पर वाहनों को खड़ा करने की अनुमति नहीं थी। लोगों को पैदल ही मंडी के भीतर भेजा गया और एंट्री प्वाइंट से जाने वाले को दूसरे रास्ते से वापस आने के लिए बोला जा रहा था, ताकि आवाजाही में भीड़ इकट्ठा न हो। हालांकि मंडी के भीतर कई जगह भीड़ दिखी। पुलिसकर्मियों द्वारा लोगों और दुकानदारों को सामाजिक दूरी बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा था। वहीं, शहर के पुरानी मंडी, चौक चबूतरा, पीर मिट्ठा, सिटी चौक, परेड, आईएसएम निदेशालय के बाहर, इंदिरा चौक, विक्रम चौक आदि स्थानों पर तारबंदी की गई है। शहर में दाखिल होने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। लेकिन इसके साथ बाजारों और गली मोहल्लों में गैर जरूरी चहल पहल भी बढ़ी है। इस भीड़ को कम करने के लिए पुलिसकर्मियों और अन्य सुरक्षाकर्मियों को कसरत करनी पड़ रही है।
एटीएम के बाहर लगी लोगों की कतार
जम्मू। पुराने शहर के विभिन्न एटीएम के पास लोगों की भीड़ रही। खासतौर पर सब्जी मंडी के आसपास के एटीएम के बाहर काफी संख्या में लोग लाइनों में खड़े दिखे। इस दौरान सामाजिक दूरी का पालन करते हुए लोग कुछ मीटर की दूरी पर खड़ा रहकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। शहर के कई ऐसे एटीएम भी दिखे। यहां आने वाले ग्राहकों के लिए सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं है। पक्का डंगा के एक एटीएम पर पहुंचे पक्की ढक्की निवासी रोहित ने कहा कि बैंक प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि एटीएम पर सैनिटाइजर रखा जाए, ताकि एटीएम का इस्तेमाल करने वाला हाथ साफ करके बाहर जाए। लेकिन कई एटीएम में ऐसी सुविधा नहीं दी गई है।
विशेष लोगों के लिए मुश्किलें
जम्मू। लाकडाउन के बीच विशेष लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इन लोगों को जरूरी कार्यों के लिए पैदल ही मीलों सफर तय करके अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। मंगलवार को अपनी छड़ी के सहारे परेड तक पहुंचे नेत्रहीन सचिन कुमार (36) ने बताया कि वह अपने कांजीहाउस स्थित घर से पैदल चलकर कर्ण नगर स्थित एसबीआई की बैंक शाखा में जा रहे हैं। कोई वाहन न चलने से उन्हें मुश्किलें झेलनी पड़ी हैं। घर पर एक नेत्रहीन बहन और बुजुर्ग मां बाप हैं। लेकिन उन्हें खुद ही घर से जरूरी कार्यों के लिए बाहर आना पड़ रहा है।
----इसके साथ नेत्रहीन सचिन कुमार की फोटो भेजी गई है