शहर की नरवाल मंडी में सब्जी लेने उमड़ी लोगों की भीड़।
जम्मू। नरवाल सब्जी मंडी फिलहाल अब बंद नहीं होगी। प्रशासन ने शुक्रवार रात आढ़तियों के साथ बैठक कर मंडी को रात में सैनिटाइज करने की बात कही है। साथ ही कहा है कि एक निश्चित दूरी बनाकर लोगों को सब्जी दी जाए। हालांकि, इससे पहले आढ़तियों ने मंडी में सुरक्षा व्यवस्था न होने की बात कहते हुए मंडी में आढ़त नहीं लगाने की बात कही थी। इसको लेकर प्रशासन ने उनके साथ बैठक की।
नरवाल बाजार एसोसिएशन के प्रधान सुरिंदर कुमार ने बताया कि बीते दिनों मंडी में कोई एहतियात न बरते जाने को लेकर आढ़ती खफा थे। उन्होंने दुकानें न लगाने की बात कही थी। इसको लेकर दो दिनों तक गहमागहमी रही। अब प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मंडी खुली रहेगी। एहतियात के रूप में रात में मंडी को सैनिटाइजेशन किया जाएगा। सुबह सब्जी की बिक्री होगी। साथ ही यह भी कहा गया है कि एक-एक कर लोगों को सब्जी दी जाएगी। निश्चित दूरी रखी जाएगी।
सब्जी लेने के लिए उमड़ी भीड़
सब्जी मंडी बंद होने की खबर पर शनिवार सुबह सब्जी लेने के लिए काफी भीड़ उमड़ी। हालत यह रही कि दुकानदारों को सब्जी लेने के लिए लाइनों में लगना पड़ा। इसके बाद भी उन्हें सब्जी नहीं मिल पाई। सुबह सात बजे तक जो दुकानदार पहुंचे थे। उन्हें ही सब्जियां मिल पाईं।