रविवार रात को रामकोट पावर हाउस में हुए एक हादसे में करंट लगने से एक लाइनमैन गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में कर्मचारियों ने उसे प्राइमरी हेल्थ सेंटर (पीएचसी) रामकोट पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने लाइनमैन की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार मुआला निवासी ओमप्रकाश पुत्र अमरू पिछले कई वर्षों से बिजली विभाग में डेलीवेजर के तौर पर काम कर रहा है। आजकल वह रामकोट नगर स्थित पावर हाउस में तैनात था।
रविवार रात को पैनल बंद करने के कुछ देर बाद जब वह फिर पैनल लगाने लगा तो अचानक बिजली का झटका लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। इस हादसे से पावर हाउस में अफरातफरी मच गई।
आनन-फानन में वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने फौरन उसे इलाज के लिए पीएचसी रामकोट पहुंचाया। डाक्टरों ने उसका तुरंत उपचार शुरू कर दिया, लेकिन हालत में कोई सुधार न होने पर उन्होंने लाइनमैन को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया।