- एसपीओ बने गांव के पांच युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे मनोज सिन्हा
- 25 युवाओं को कंपनियों में नाैकरी की घोषणा भी करेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से सटे गांव रीगाल में बुधवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के दौरे के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।
एसीआर अजय भारती, तहसीलदार कर्णजीत सिंह, एसएसपी ट्रैफिक फारूख केसर, एएसपी गारू राम ने जिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कार्यक्रम को सुचारु संपन्न कराने के लिए रणनीति पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर उनकी भागीदारी पर जोर दिया।
कार्यक्रम में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) बने पांच स्थानीय युवाओं को एलजी नियुक्ति पत्र देंगे। वाइब्रेंट विलेज पहल के तहत 25 युवाओं को निजी कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा की जाएगी। मंगलवार को दिन भर गांव में उत्सव सा माहौल रहा। आसपास गावों के युवक भी रीगाल में पहुंचे थे।
-
ये हैं ग्रामीणों की मांगें, उपराज्यपाल को साैंपेंगे ज्ञापन
ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर मांगपत्र तैयार किया है। इसे वे उपराज्यपाल के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 15 वर्षों से नहरी पानी अंतिम छोर तक नहीं पहुंच रहा है। इससे किसानों को परेशानी हो रही है। बिजली आपूर्ति की समस्या, बोरवेल के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की मांग, गांव में गंदे पानी की निकासी का अभाव और तालाब में गंदा पानी जमा होने जैसी समस्याएं भी प्रमुख हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में अमृत सरोवर का निर्माण किया जाए। पेयजल की नियमित आपूर्ति जाए। सिंचाई के लिए ट्यूबवेल लगाए जाएं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि एलजी उनके मुद्दों पर ठोस कदम उठाएंगे।
-
कार्यक्रम स्थल में एक हजार कुर्सियां लगाईं
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पूर्वाह्न 11 बजे रीगाल में कार्यक्रम में पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल में बैठने के लिए एक हजार कुर्सियां लगाई गई हैं।
एलजी दोपहर एक बजे घगवाल के नृसिंह मंदिर में श्री नृसिंह देव संस्कृत गुरुकुल नक्षत्र उद्यान एवं योग ध्यान केंद्र का उद्घाटन करेंगे। नृसिंह पब्लिक लाइब्रेरी का नींव पत्थर रखेंगें। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से भी सीमावर्ती गावों के ग्रामीणों को कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया है।