उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि महिला उद्यमी जम्मू-कश्मीर के भविष्य को आकार दे रही हैं। महिला उद्यमियों की उत्कृष्टता और कड़ी मेहनत के कारण आईटी, एमएसएमई, सेवा क्षेत्र, कृषि-आधारित उद्योग और हस्तशिल्प में असाधारण उपलब्धियां देख रहे हैं।
प्रदेश के ग्रामीण और दूर-दराज इलाकों में महिला उद्यमिता नारी शक्ति को जमीनी स्तर पर बदलाव को बढ़ावा देने में सक्षम बना रही है। उन्होंने रविवार को वुमन कॉन्क्लेव-2024 में हिस्सा लिया।
इस दौरान उन्होंने नारी शक्ति के नए जम्मू-कश्मीर की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण के लिए एक सक्षम वातावरण बनाने के लिए यूटी प्रशासन प्रतिबद्ध है। हमारी नारी शक्ति हर क्षेत्र में नया इतिहास लिख रही है।
शिक्षा से लेकर खेल तक, शिल्प से लेकर स्टार्ट-अप तक, हमारी बेटियां एक उदाहरण बनकर आगे बढ़ रही हैं और अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से दूसरों को प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने प्रदेश के विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों द्वारा महिलाओं के कौशल और उन्नयन के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य शिक्षा में लैंगिक समानता हासिल करना है।