पुंछ में हमले के बाद उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में जम्मू संभाग के पूरे हालात की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें इलाके में सक्रिय आतंकियों, ओवर ग्राउंड वर्करों की जानकारी देने के साथ ही आतंकियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी गई।
उपराज्यपाल ने आतंकियों तथा उनके मददगारों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की हिदायत दी। उनके पारिस्थितिकी तंत्र पर चोट करने को कहा ताकि दोबारा इस प्रकार की हरकत न होने पाए।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में उन्हें जानकारी दी गई कि पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्धों से पूछताछ भी चल रही है। इस दिशा में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उप राज्यपाल ने हिदायत दी कि सुरक्षा प्राथमिकता है। हर हाल में आतंकवाद पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। बैठक में मुख्य सचिव डा. अरुण कुमार मेहता, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह आरके गोयल, डीजीपी दिलबाग सिंह, एडीजीपी मुकेश सिंह, डीआईजी शक्ति पाठक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।