उपराज्यपाल मनोज सिन्हा
- फोटो : डीआईपीआर
इससे पहले उपराज्यपाल ने जम्मू के थलवाल में देवी भद्रकाली के निर्माणाधीन मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे महानवमी पर जम्मू के थलवाल में देवी भद्रकाली के निर्माणाधीन मंदिर में पूजा करके बेहद धन्य महसूस करे रहे हैं। माता भद्रकाली आस्थापन ट्रस्ट (एमबीएटी) ने मंदिर का निर्माण शुरू कराया है। यह मंदिर कश्मीर घाटी के हंदवाड़ा में स्थित प्राचीन मंदिर की प्रतिकृति होगी। इस दौरान जम्मू के विभिन्न हिस्सों से कश्मीरी पंडितों ने यहां कार्यक्रम में भाग लिया।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा स्थिति में काफी सुधार हुआ है। यहां आतंकवाद आखिरी सांसें ले रहा है। उन्होंने कहा कि कश्मीरी पंडित समुदाय के कर्मचारियों को उनकी आवास आवश्यकताओं के लिए घाटी में सस्ती दरों पर जमीन उपलब्ध कराई जाएगी।
मनोज सिन्हा ने कहा कि आतंकवादियों ने कश्मीरी पंडितों के भीतर डर पैदा करने के लिए सॉफ्ट टारगेट को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा, 'पड़ोसी देश जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को बचाए रखने की कोशिशें कर रहा है। हम कश्मीरी पंडितों और अल्पसंख्यकों सहित अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। पुलिस और सुरक्षा बल इस लक्ष्य के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कश्मीर में कश्मीरी पंडित समुदाय के कर्मचारियों के लिए आवास की व्यवस्था की गई है और आवंटन शीघ्रता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा, "पूरे कश्मीर में इन आवासों पर उन्नत सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे। गृह मंत्रालय को एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है और हमें इसके कार्यान्वयन के लिए त्वरित प्रतिक्रिया की उम्मीद है।"