जम्मू। सीडी अस्पताल में कोविड मरीजों को बेड की किल्लत की सूचना मिलने के बाद एलजी मनोज सिन्हा ने वीरवार को सीडी अस्पताल के अलावा जीएमसी और गांधीनगर अस्पतालों का दौरा कर कोविड मरीजों के लिए अस्पतालों में की गई व्यवस्था और ऑक्सीजन की उपलब्धता को जांचा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द अस्पतालों में कोविड बेडों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
एलजी ने विभागाध्यक्षों व सीनियर डॉक्टरों को कोविड मरीजों के वार्डों का नियमित दौरा करते रहने के भी निर्देश जारी किए। एलजी ने कहा कि डॉक्टर मरीजों व तीमारदारों के साथ बातचीत करते रहें और बेहतर उपचार कोविड मरीजों को दें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों को जल्द ऑक्सीजन सपोर्ट वाले कोविड बेडों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए। सीडी अस्पताल को कोविड ट्राइएज अस्पताल बनाया गया है। वहां के प्रभारी डॉक्टर राजेश्वर शर्मा से एलजी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों व बेड की संख्या समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
एलजी ने अधिकारियों से कहा कि वह पैरा मेडिकल स्टाफ की संख्या को बढ़ाए और संभाग के जिन अस्पतालों में जरूरत से ज्यादा स्टाफ है वहां के स्टाफ को यहां पर लगाया जाए। ड्यूटी रोस्टर पर कड़ाई से अमलीजामा पहनाने के भी निर्देश दिए। जीएमसी में उपराज्यपाल को बताया गया कि 2400 एलपीएम क्षमता के ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट का ट्रायल रन हो रहा है और आठ मई तक इसे पूरी तरह से फंक्शनल कर दिया जाएगा। इससे 125 अतिरिक्त कोविड समर्पित बेडों को ऑक्सीजन की आपूर्ति हो पाएगी। इस अवसर पर मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रमण्यम, स्वास्थ्य विभाग के वित्त आयुक्त अटल डुल्लू, प्रधान सचिव नीतीश्वर कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह, डीसी अंशुल गर्ग, जीएमसी की प्रिंसिपल डॉ. शशि सूदन आदि भी मौजूद रहे।