पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सैफुद्दीन सोज ने लेह में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अधिवेशन में विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेते हुए कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने की अपील की।
कम्यूनिटी हाल लेह (लद्दाख) में हुए अधिवेशन में आजाद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लोकसभा चुनाव के नतीजों से आहत न हों और विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं।
उन्होंने कहा कि लद्दाख के विकास में कांग्रेस पार्टी का अहम रोल रहा है। कांग्रेस नेतृत्व, जिसमें प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी से लेकर मौजूदा समय में सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने लद्दाख संभाग के विकास को प्राथमिकता दी है।