आईआईएमसी ने पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए तीसरे और अंतिम स्पॉट राउंड की घोषणा की है, जिसमें देशभर में कुल 160 सीटें भरी जाएंगी। इच्छुक उम्मीदवार 5 और 6 अगस्त को पंजीकरण कर सकते हैं।
आप पत्रकारिता या डिजिटल मीडिया पढ़ने का सपना देख रहे हैं तो भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) ने आपके लिए इस सत्र में एडमिशन आखिरी मौका दिया है। जम्मू सहित देशभर के सभी परिसरों में तीसरे और आखिरी स्पॉट राउंड की काउंसलिंग होने जा रही है, जिसमें कुल 160 खाली सीटें भरी जाएंगी।
विज्ञापन
काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल चार अगस्त को आधिकारिक पोर्टल iimc.admissions.nic.in पर जारी किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार पांच और छह अगस्त को ऑनलाइन पंजीकरण कर अपनी पसंद के पाठ्यक्रम चुन सकेंगे। इसके बाद आठ और नौ अगस्त को दस्तावेजों की जांच होगी और चयनित छात्रों को 8 से 10 अगस्त तक फीस जमा करनी होगी।
आईआईएमसी में अंग्रेजी पत्रकारिता, हिंदी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया जैसे स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स चलते हैं। जम्मू परिसर में प्रत्येक कोर्स में करीब 30 सीटें होती हैं। यहां हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध है। आईआईएमसी जम्मू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. दिलीप कुमार ने युवाओं से अपील की है कि वे इस मौके को हाथ से न जाने दें। मीडिया और संचार शिक्षा में आईआईएमसी देश का एक प्रमुख और प्रतिष्ठित संस्थान है, जहां से पढ़ाई करना करियर के लिए बड़ा अवसर है। अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए उम्मीदवार पोर्टल iimc.admissions.nic.in या आईआईएमसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।