दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में मस्जिद में चंदा जमा करने के लिए आतंकी दाखिल हुए। लोगों से तंजीम के लिए चंदा जमा करने की अपील की। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हुआ है। इसको लेकर पुलिस की ओर से कुछ भी सामने नहीं आया है। लेकिन सूत्रों की मानें तो यह वीडियो ईद के दिन का है जब आतंकी कुलगाम कामिया मस्जिद में दाखिल हुए और नमाज से पूर्व लोगों से अपील की।
सोशल मीडिया पर गुरुवार को एक मिनट 32 सेकेंड का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें हाथ में पिस्टल लिए एक आतंकी नारेबाजी करता दिखाई दे रहा है। उसके साथ एक नकाबपोश युवक भी है लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह आतंकी है या नहीं। वह आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का समर्थन करने की बात करता सुनाई दे रहा है। वह लोगों से संगठन का साथ देने की अपील करते हुए कह रहा है कि अगर आतंकियों की जानकारी सेना के पास जाती है तो हममें से कोई मुखबिरी करता है।
वीडियो में आतंकी यह भी कह रहा है कि हमारी भी मां, बहन, परिवार है लेकिन हमने कौम के लिए त्याग दिया है। हम चाहते हैं कि कश्मीर को आजादी दिला कर रहें। वह लोगों से अपील करते हैं कि वे संगठन के लिए चंदा दें क्योंकि संगठन कमजोर हो चुका है। जिसकी जितनी इच्छा हो वह संगठन को मजबूत करने के लिए चंदा दे।