कस्बे से तीन किलोमीटर पहले जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सेरी के पास शनिवार शाम सड़क निर्माण के दौरान हुए भूस्खलन में दस से अधिक वाहन मलबे में दब गए। पहाड़ी से अचानक आए मलबे में दबकर दो व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं। कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई है।
हाईवे पर फोरलेन का काम चल रहा है। सेरी के समीप शनिवार की शाम अचानक भूस्खलन होने से वहां से गुजर रहे दस वाहन मलबे के नीचे दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ, सेना, पुलिस और रेडक्रॉस सोसाइटी के स्वयंसेवक मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
देर शाम तक चार लोगों को निकाल कर रामबन जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार जांच के दौरान चिकित्सकों ने दो व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों का उपचार चल रहा है।
प्रशासन के अनुसार वहां और लोग भी फंसे हुए हैं। वाहनों में चार डंपर, दो ट्रक, एक मैजिक ऑटो, एक आयल टैंकर, एक अर्थ एस्केलेटर आदि दबे हुए हैं। बचाव कार्य जारी है। इसकी वजह से जम्मू-श्रीनगर मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। ज्ञात हो कि इसके पहले भी हाईवे पर चलती गाड़ी पर पहाड़ी से मलबा गिरने से दो लोगों की अलग-अलग घटनाओं में मौत हो चुकी है।