कठुआ। लखनपुर सहित अन्य नाकों पर प्रदेश में दाखिल होने वाले लोगों की स्क्रीनिंग का सिलसिला सोमवार से बंद कर दिया गया है। तीन मार्च से अब तक प्रदेश में 29 हजार 494 लोग दाखिल हो चुके हैं। वहीं 24 मार्च को लॉकडाउन के बाद से अब तक लगभग 14 हजार लोगों को क्वारंटीन किया जा चुका है। इन्हें अब कठुआ और सांबा से अपने-अपने जिलों में भेजा जा रहा है। ये सभी लोग अपने जिलों में स्थापित क्वारंटीन केंद्रों में क्वारंटीन अवधि पूरी कर ही घर जा सकेंगे।
निजामुद्दीन की मोबाइल लोकेशन में आए 18 लोगों की जांच
जिला प्रशासन की ओर से निजामुद्दीन की मोबाइल लोकेशन में आए कठुआ के 18 लोगों की पहचान करने के साथ ही उनकी जांच की गई है कि कहीं ये लोग तब्लीगी जमात के मरकज में भाग लेकर तो नहीं लौटे हैं। जानकारी के अनुसार इनमें से कई लोग ऐसे सामने आए हैं, जो निजामुद्दीन से यात्रा कर कठुआ लौटे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार कठुआ में कुल 68 क्वारंटीन सेंटर बनाए गए हैं।