कठुआ। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चढ़वाल पुलिस ने तरनाह नाले के आसपास और खेतों में आधा दर्जन जगहों पर छापेमारी कर सैकड़ों किलोग्राम लाहन नष्ट की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से देशी शराब तैयार करने वालों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिल रही थी कि तरनाह नाले के आसपास और खेतों में कुछ लोग लाहन तैयार कर रहे है। इसके बाद चौकी प्रभारी अंकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुल आधा दर्जन जगहों पर छापेमारी कर सैंकड़ों किलोग्राम लाहन बरामद की। पुलिस की सूचना मिलते ही अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि इस मौके पर पुलिस कई सारे सामान को भी नष्ट किया, जिन्हें अवैध तरीके से शराब बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने उन स्थानों की भी जांच की जहां अवैध शराब तैयार करने के लिए भट्ठियां या अन्य सामान लगाए जाने की आशंका थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। संवाद