केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में कोरोना वायरस की महामारी अब तेजी से फैल रही है। शनिवार को एक ही दिन में 198 सर्वाधिक मामले आने से प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सकते में आ गई हैं। इससे एक दिन पूर्व लद्दाख में 104 मामले सामने आए थे। मार्च माह में पहला मामला रिपोर्ट हुआ था। प्रदेश में अब तक कुल 437 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। इनमें से 322 मामले पिछले तीन दिन में सामने आए हैं।
उपराज्यपाल प्रशासन ने बीती रात को ही लेह और कारगिल दोनों जिलों को रेड जोन घोषित कर सख्त एसओपी जारी करने के निर्देश दिए थे। कारगिल जिले में शनिवार से 30 जून तक के लिए फिर से लॉकडाउन कर दिया गया है। लद्दाख में कोरोना संक्रमितों के 368 एक्टिव मामले हो गए हैं। इनमें से 68 लेह और 300 मरीज कारगिल जिले में हैं।
159 मरीजों को घरों पर ही किया आइसोलेट
लद्दाख के दोनों जिलों में एक-एक कोविड अस्पताल है। लेह अस्पताल में 20 जबकि कारगिल अस्पताल में 81 लोगों को भर्ती किया गया है। अस्पताल में भर्ती लोगों की संख्या 101 है। वहीं, 108 लोगों को कोविड केयर सेंटर में रखा गया है। सबसे ज्यादा 159 संक्रमितों को घरों में ही आइसोलेट किया गया है।