कुलगाम में आतंकी हमले के बाद अलर्ट जवान
- फोटो : पीटीआई
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को सीआरपीएफ नाके पर आतंकी हमला हुआ। सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों के नेटवर्क और उनके स्थानीय मददगारों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने इस हमले के सिलसिले में करीब 500 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी कुलगाम के विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान जारी रहा। सुरक्षा बलों ने कई स्थानों पर नाकेबंदी कर बख्तरबंद वाहन तैनात किए हैं। जांच एजेंसियां सक्रिय आतंकी मॉड्यूल, स्थानीय मददगार और आतंकियों के भागने के रास्तों का पता लगाने में जुटी हैं।
हमला बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे अखरान इलाके में हुआ था। आतंकियों ने मीर बाजार के पास सीआरपीएफ की चौकी को निशाना बनाया था। हमले में सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन के तीन जवान घायल हुए थे। इनमें एक हेड कांस्टेबल की हालत गंभीर बनी हुई है। आतंकी घनी झाड़ियों की आड़ लेकर मौके से भाग निकले थे।