अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। एयरलाइन के पास विमानों की कमी का असर उड़ान के संचालन पर पड़ रहा है। जम्मू से कोलकाता के बीच सीधी विमान सेवा सिर्फ इसलिए शुरू नहीं हो पा रही, क्योंकि इंडिगो एयरलाइन के पास पर्याप्त विमान नहीं है। हालांकि समय और दिन तय हैं।
अमरनाथ यात्रा के लिए पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में भक्त ट्रेन और सड़क मार्ग से जम्मू पहुंच रहे हैं। अगर उड़ान सेवा शुरू होती तो इन्हें राहत मिलनी थी। जम्मू-कोलकाता के बीच फ्लाइट (6ई0264) का संचालन सप्ताह में चार दिन मंगलवार, वीरवार, शनिवार और रविवार को होना था। कोलकाता से फ्लाइट जम्मू शाम 6:10 पर पहुंचनी थी, वापसी में 6:45 पर उड़ान भरनी थी। पहले 17 जून से संचालन होना था। मगर अब एयरलाइन विमानों की कमी का हवाला दे रही है। पर्यटन सीजन में एयरलाइन अधिक यात्रियों के रूट पर सेवा शुरू करने को महत्व देती है। ऐसे में वह नए सेक्टर के लिए सेवा शुरू करने से परहेज करती है। एयरपोर्ट निदेशक एसके गर्ग ने कहा कि एयरलाइन संचालन का फैसला नहीं ले पाई, पर उम्मीद है जल्द सेवा शुरू होगी। ब्यूरो