जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद से घाटी में पहली बार खेलो कश्मीर जैसा एक भव्य खेल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें करीब 700 कश्मीरी युवाओं ने लिया भाग लिया। इसमें ताइक्वांडो समेत अन्य खेल प्रतियोगिताएं होगी।
श्रीनगर के इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को जम्मू कश्मीर डेवलपमेंट फाउंडेशन एनजीओ की ओर से आयोजित खेलो कश्मीर कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान खन्ना ने कहा कि एक साथ आने और एक कार्यक्रम में 700 युवाओं की भागीदारी एक बड़ी बात है। प्रशासन का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम कश्मीर में माहौल को ख़ुशगवार बनाने के लिए बेहद जरूरी हैं। साथ ही ऐसे कार्यक्रमों के जरिए कश्मीर के युवाओं का हुनर भी निखरेगा।
बड़े खुश दिखाई दिए बच्चे
इस प्रोग्राम में भाग लेने पहुंचे बच्चे काफी खुश दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि कई महीनों के बाद ऐसा खेल कार्यक्रम कश्मीर में आयोजित किया जा रहा है। यह खेल से जुड़े युवाओं को काफी प्रोत्साहित करेगा। युवा ताइक्वांडो खिलाड़ी आकिब ने कहा खेल से खिलाड़ी अपना टैलेंट दिखा सकते हैं। इससे स्वास्थ ठीक रहता है और भविष्य भी सवरता है। मंशा बशीर ने कहा कि जो बच्चे नशे की राह पर चल पड़े हैं उन्हें वो रास्ता छोड़कर खेलों में हिसा लेना चाहिए। आयोजन में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ अधिकारियों के अलावा कई प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे। इस मौके पर पहुंचे सीआरपीएफ के आईजी रविदीप सिंह साही ने कहा कि सीआरपीएफ कश्मीर में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए हमेशा आगे आती है। उन्होंने आयोजकों को बधाई दी।