सांबा। जिले में जारी अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। उपायुक्त अनुराधा गुप्ता के निर्देश पर अवैध खनन के खिलाफ शिकंजा कसती बहु विभागीय टीम ने मंगलवार को विशेषज्ञ नाके लगाकर स्टोन क्रेशर साइटों, अवैध डंप साइटों पर छापा मार कर नियम उल्लंघन करने वालों पर 20 लाख का जुर्माना लगाया।
इस दौरान एसडीएम विजयपुर विनय शर्मा, जिला खनिज अधिकारी मोहम्मद सईद, थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में बहु विभागीय टीम के अलावा अन्य विभागीय फील्ड स्टाफ ने औचक निरीक्षण किया। डीएमओ ने बताया कि एक स्टोन क्रशर से अवैध खनिज पदार्थ जब्त कर जुर्माना लगाया गया है। डीएमओ ने कहा कि पट्टी में एक अन्य अवैध डंप को भी खनन मानदंडों का उल्लंघन करने के लिए जब्त किया गया, जबकि अवैध खनन के लिए कई डंपर जब्त किए गए। जिला खनिज अधिकारी ने क्षेत्र की जनता से भी अवैध खनन गतिविधियों से दूर रहने की अपील की। क्योंकि इस तरह की गतिविधियों पर कानून के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी।
अवैध रूप से चल रहा क्रशर सील
विजयपुर। क्षेत्र के गांव पाटी में अवैध रूप से चले स्टोन क्रशर को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई एसडीएम विनय शर्मा के निर्देश पर डीएमओ मोहम्मद साहद की देखरेख में की गई। एसडीएम ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि गांव पाटी में अवैध रूप से स्टोन क्रशर चल रहा है। उसी के चलते मौके का निरीक्षण किया गया जिसमें क्रशर को अवैध रूप से चलते हुए पाया गया। संवाद