गणतंत्र दिवस की तैयारियाें के बीच सुरक्षा के कडे़ प्रबंध किए गए हैं। कोई चूक न हो, इस लिहाज से चप्पे-चप्पे पर जवानों की पैनी नजर है। वहीं घुसपैठ और आतंकी धमकियों को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आतंकी धमकियों और पाक रेंजरों द्वारा सीजफायर तोड़ने के चलते एहतियातन सुरक्षा कड़ी की गइऱ्ई है।
खास कर सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सुचेतगढ़ पंचायत के सरपंच सवर्ण लाल भगत, नई बसती गुलाबगढ़ के नंबरदार चौ सरवन कुमार, अब्दुल्लियां के सरपंच चौ बचन लाल का कहना है कि पाकिस्तान पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। वह कभी भी नापाक हरकत शुरू कर सकता है।
गणतंत्र दिवस पर भी वह खलल डालने के लिए कोशिश कर सकता है। हालांकि जवान पूरी तरह मुस्तैद हैं। पाकिस्तान हर बार पस्त हुआ है और इस बार भी उसे कुछ हासिल नहीं होने वाला। सीमावर्ती लोगों के हौसले को भी वह नहीं तोड़ सकता। सीमा प्रहरियों से उसे हर बार मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।
सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान क्षेत्र में सीमा पर काफी संख्या में रेंजरों के साथ पाकिस्तानी सेना को देखा गया है। गणतंत्र दिवस को देखते हुए बीएसएफ द्वारा सीमा पर कड़ी चौकसी का प्रबंध किए जाने के साथ सीमा पर अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। एसपी हेडक्वार्टर रणधीर सिंह का कहना है संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी नजर रखी जा रही है।