रियासी। नगर के बाजारों में बढ़ रहे अतिक्रमण के चलते म्यूनिसिपल कमेटी सख्त हो गई है। दुकानदारों को सामान दो दिन के भीतर रखने और अन्य अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया है। वहीं, इसके लिए दो दिन का समय दिया गया है, जिसके बाद अभियान चला कर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को इओ ठाकुर दास खिलाफवर्जी इंस्पेक्टर फारूक अहमद ने नगर के नई बस्ती, कोर्ट रोड, बस स्टैंड, मुख्य बाजार और चौक चबूतरा का दौरा किया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए दो दिनों के भीतर स्वयं ही अतिक्रमण को हटाने को कहा गया है। मौजूदा समय में नगर के बस अड्डे व मुख्य बाजार में कई दुकानदारों ने दुकानों को आगे बढ़ाते हुए अतिक्रमण किया हुआ है। कुछ दुकानदारों ने दुकानों का फ्रंट किराए पर लगाया है।
कई लोग बिना लाइसेंस के रेहड़ी लगा रहे हैं और फड़ी वालों की भी भरमार है। बस अड्डे पर शॉपिंग कांप्लेक्स के बाहर भी फड़ी वालों की संख्या बढ़ी है। म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन सुदेश कुमार पूरी ने बताया कि अतिक्रमण को हटाने के लिए उन के पास निर्देश आए हैं। ईओ को सभी दुकानदारों के पास जा कर दो दिनों में अतिक्रमण हटाने को कहा है। सोमवार से अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सामान जब्त करने सहित जुर्माना भी हो सकता है।