पीरपंजाल क्षेत्र में स्थित श्री कौसर नाग यात्रा की शुरुआत जिला मुख्यालय रियासी से ही की जाएगी। पांच दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के लिए छड़ी भी आज ही निकाली जाएगी।
कौसर नाग के लिए यह यात्रा पिछले पांच साल से रियासी से निकाली जा रही है। इस वर्ष भी यह यात्रा छड़ी यात्रा के साथ शुरू की जाएगी, जबकि यात्रियों का जत्था कल माहौर के लिए रवाना होगा, जिसके बाद नागपंचमी के अवसर पर यात्रा में शामिल लोगों के द्वारा वहां पर स्थित पवित्र झील मे स्नान कर वापस लौटेंगे।
लेकिन हर वर्ष जाने वाली इस यात्रा का इस बार जिला शोपियां में रहने वाले लोगों के द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है। उन लोगों के मुताबिक माहौर रियासी की तरफ से यात्रा के आने के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में मौजूद पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंचेगा व इसका प्रभाव इलाके पर भी पडे़गा।
इस कारण इस यात्रा को बंद कर दिया जाना चाहिए। कौसर नाग यात्रा का अंतिम पड़ाव जिला शोपियां के साथ लगता है, वहां के लोगों के द्वारा किए जा रहे इस विरोध के बाद स्थानीय हिंदु संगठनों के द्वारा कड़ा विरोध जताया गया है।
कौसर नाग यात्रा कमेटी के अध्यक्ष स्वामी राम शरण दास जी महाराज, यात्रा के प्रबंधक टाकन दास, विश्व हिंदू परिषद के योगराज मैंगी, अशोक वर्मा, बजरंग दल के विवेक आनंद, विकास पुरी, धर्म प्रसार के बिक्रांत मैंगी ने कहा कि यात्रा का विरोध किए जाने का कोई भी तुक नहीं बनता है।
कुछ शरारती तत्वों के द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि वह इस संदर्भ में कड़ा नोटिस लेते हुए यात्रा में विधभन डालने वालों पर कार्रवाई करें।