अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के शामली गांव का रहने वाला था। वह परिवार के साथ माता वैष्णो देवी कटड़ा के दर्शन करने आया था। वापसी के दौरान मौत हो गई।
प्रदीप कुमार ने शनिवार को परिवार के साथ दर्शन किए थे। उसी दिन कटड़ा रेलवे स्टेशन से क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में वापस जाना था, क्योंकि उसके परिजनों के साथ एक अन्य परिवार था। दोनों परिवार अलग-अलग कोच में चढ़ गए। जम्मू पहुंचने पर प्रदीप ट्रेन से उतरा और दूसरे कोच की तरफ जाने लगा, तभी ट्रेन निकल गई। इसके बाद प्रदीप स्टेशन पर रुक गया। अगली सुबह मालवा एक्सप्रेस की टिकट ली। ट्रेन में चढ़ने ही लगा कि हालत खराब होने लगी और बेसुध होकर नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद रेलवे पुलिस और सीआरपीएफ कर्मी की मदद से उसे जम्मू जीएमसी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक के परिवार को अंबाला पहुंचने पर पता चला कि वह ट्रेन में नहीं था। पुलिस की ओर से परिवार को सूचित किया है। सोमवार को परिवार की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।