श्रीनगर और जम्मू को ‘स्मार्ट सिटी’ बनाने के बाद कटड़ा और अनंतनाग की भी सूरत संवारी जाएगी। आवास और शहरी विकास मंत्री डा. निर्मल सिंह ने विधानसभा में ‘कट मोशन’ के दौरान चर्चा करते हुए कहा कि पहले चरण में श्रीनगर और जम्मू को ‘स्मार्ट सिटी’ बनाया जा रहा है, क्योंकि इन दोनों मुख्य शहरों में कई गैर योजना वाली कालोनियां बन चुकी हैं।
इस शहरों का मास्टर प्लान संशोधित करने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। दूसरे चरण में कटड़ा और अनंतनाग को ‘स्मार्ट सिटी’ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार रियासत में जल्द स्थानीय निकाय चुनाव करवाने का प्रयास कर रही है ताकि चुनाव के बाद केंद्र सरकार से मिलने वाले फंड से विकास करवाया जा सके।
समय पर चुनाव न होने से रियासत को 169 करोड़ का अब तक नुकसान हो चुका है। उन्होंने कश्मीर में आई भीषण बाढ़ के लिए सभी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि योजना के अनुरूप श्रीनगर का विकास न होने के कारण इन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
जब भी भारी बारिश होती है तो श्रीनगर शहर में जलभराव हो जाता है। इसका खामियाजा अवाम को भुगतना पड़ता है। मंत्री ने 6,12,764.92 लाख रुपये की ग्रांट सरकार के समक्ष रखी।