त्योहारों पर जम्मू-कश्मीर को दहलाने की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी जाकिर हुसैन की निशानदेही पर तीन स्टिकी बम और तीन आईईडी बरामद की हैं। जाकिर को पिछले दिनों पकड़ा गया था।
उसकी निशानदेही पर बिलावर में उसी के गांव मलाड़ से बरामद विस्फोटक सामग्री के साथ एक रिमोट कंट्रोल, तार और बम बनाने के कुछ उपकरण भी मिले हैं। जाकिर से पुलिस पांच दिनों से कड़ी पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान उसके ठिकाने का पता चला।
जाकिर ने इसी ठिकाने में असलहा छिपाकर रखा था। शनिवार सुबह पुलिस टीम कठुआ से बिलावर के लिए रवाना हुई। जाकिर के गांव मलाड़ में घंटो चली जांच के बाद पुलिस ने असलहा बरामद कर लिया। शाम साढ़े पांच बजे के बाद टीम कठुआ लौटी।
जिला पुलिस प्रमुख रमेश चंद्र कोतवाल ने देर शाम प्रेस वार्ता में इसका खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि पाकिस्तान सरेंडर कर चुके पूर्व आतंकियों, सजा पा चुके आतंकियों और ओजीडब्ल्यू को सक्रिय करने के लिए काम कर रहा है।
जाकिर को भी पाकिस्तान से फरीद सोशल मीडिया के माध्यम से निर्देश देता था। बताया कि जाकिर से दो अक्तूबर को स्टिकी बम और बीस हजार नकदी बरामद हुई थी। एसएसपी ने कहा कि इन हथियारों से जम्मू-कश्मीर में बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश थी। उन्होंने कहा कि उधमपुर में हुए स्टिकी बम धमाकों के साथ कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।
ड्रोन से आई खेप बिलावर तक कैसे पहुंची
स्टिकी बम और आईईडी समेत अन्य विस्फोटक सामग्री की खेप ड्रोन के जरिए आई थी, लेकिन इसे कहां उतारा गया और कैसे बिलावर के मलाड़ तक पहुंचाया गया, इस की जांच की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि ड्रोन की चुनौती से निपटने के लिए तमाम एजेंसियां काम कर रही हैं। सतर्कता से ही इस मामले का भंडाफोड़ किया जा सका है।
14 साल जेल काट चुका है जाकिर
एसएसपी ने बताया कि जाकिर 14 साल सजा काट चुका है और 2019 में रिहा हुआ था। कठुआ के साथ-साथ घाटी में यह किस किस के संपर्क में था, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व आतंकियों से सीमा पार बैठे हैंडलर संपर्क साध रहे हैं। उधमपुर में धमाकों के लिए पकड़ा गया असलम और कठुआ में जाकिर ऐसे ही मामले हैं।
कठुआ में खेतों से मिला पाकिस्तान का गुब्बारा
कठुआ से सटे चंबे दा बाग (खरकड़ा मोड़) इलाके से पाकिस्तान समर्थित नारे लिखा एक विमान की शक्ल का गुब्बारा मिला है। जिस खेत में गुब्बारा मिला है उससे भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय करीब 15 किलोमीटर दूर है।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पूछताछ के बाद गुब्बारे को कब्जे में ले लिया है। कुलदीप सिंह निवासी खरकड़ा मोड़ ने बताया कि वे अपने खेतों में जा रहे थे और तभी उन्हें रंगीन वस्तु दिखाई दी।
पास जा कर देखा उस पर आई लव पाकिस्तान लिखा था। इसके अलावा गुब्बारे पर उर्दू में भी कुछ लिखा था। ऐसा इलाके में पहली बार हुआ है। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।