घाटी के युवाओं में भविष्य संवारने की ललक बढ़ी है। वे केंद्रीय लोक सेवा आयोग की परीक्षा (2009) में टॉप करने वाले कुपवाड़ा के शाह फैजल और 2015 में दूसरे स्थान पर रहने वाले अनंतनाग के गांव से अतहर आमिर शफी खान की तरह रियासत का नाम रोशन करना चाहते हैं।
कर्फ्यू और पाबंदियों के बीच बुधवार 24 अगस्त से एमबीबीएस और बीडीएस की शुरू काउंसलिंग के लिए घाटी के उम्मीदवारों की सौ फीसदी हाजिरी ने यह साबित भी कर दिया है।
बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (बीओपीईई) के चेयरमैन जीएच तांत्रे ने कहा कि काउंसलिंग के लिए सभी उम्मीदवार पहुंच रहे हैं। श्रीनगर और जम्मू स्थित बीओपीईई कार्यालय में पहली बार वीडियो कांफ्रेंसिंग सुविधा शुरू की गई है।
परीक्षा में घाटी के आंकड़े चौंकाने वाले
मेरिट लिस्ट में अपना नाम खोजते विद्यार्थी
- फोटो : अमर उजाला
गत दिवस श्रीनगर में कर्फ्यू के बीच काउंसलिंग के लिए सौ फीसदी के साथ दो सौ उम्मीदवार स्थानीय बोर्ड कार्यालय पहुंचे। इसी तरह वीरवार को भी यही आंकड़ा रहा।
जम्मू कार्यालय में भी काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है। इससे पहले एमबीबीएस और बीडीएस की नीट (नेशनल एलिजिबिलटी एवं एंट्रेंस टेस्ट) और सीईटी (कामन एंट्रेंस टेस्ट) परीक्षा में भी घाटी के युवाओं की 90 फीसदी से ऊपर हाजिरी रही थी।
गत 24 जुलाई को राज्य में एमबीबीएस और बीडीएस की मैनेजमेंट कोटे के लिए हुई नीट परीक्षा में कुल 4841 उम्मीदवारों में 4453 परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे थे, लेकिन घाटी के यह आंकड़े चौंकाने वाले थे। इसमें कश्मीर में खराब हालात के बीच कुल 1740 उम्मीदवारों में से 93 फीसदी के साथ 1621 उम्मीदवार परीक्षा में बैठे।
एमबीबीएस की परीक्षा में युवाओं ने दिखाई दिलेरी
परीक्षा
- फोटो : Demo Pic.
सेंट्रल बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन (सीबीएसई) की ओर से देशभर में करवाई गई इस नीट परीक्षा के तहत राज्य में ओवरआल 87.74 फीसदी विद्यार्थी परीक्षा में बैठे।
घाटी के मुकाबले 11 फीसदी कम जम्मू में कुल 3101 उम्मीदवारों में से 82 फीसदी के साथ 2553 उम्मीदवार परीक्षा में बैठे। इसके बाद 31 जुलाई को रियासत में सरकारी कोटे के लिए बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (बीओपीईई) की ओर से करवाई गई एमबीबीएस और बीडीएस के लिए सीईटी परीक्षा में भी घाटी के युवाओं ने खुलकर दिलेरी दिखाई।
इसमें घाटी से कुल 11881 उम्मीदवारों में से 91 फीसदी के साथ 10803 परीक्षा में बैठे। जम्मू संभाग में भी कुल 6056 उम्मीदवारों में से 91 फीसदी के साथ 5512 परीक्षा में बैठे, लेकिन दोनों परीक्षाओं में जम्मू के मुकाबले ओवरआल घाटी के युवाओं ने ज्यादा रुझान दिखाया।